---Advertisement---

खेत से लौट रहे युवक पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत

Follow Us
Spread the love

भैयाथान के ग्राम गंगौटी की घटना, मामा के घर रहकर खेती-किसानी में बंटा रहा था हाथ

सूरजपुर/भैयाथान- जिले में शुक्रवार शाम मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। विकासखंड भैयाथान के अंतर्गत ग्राम पंचायत गंगौटी में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक खेत में काम निपटाकर वापस लौट रहा था।

मामा के घर आया था भांजा

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बंजा निवासी रविन्द्र सिंह अपने मामा टीमल सिंह के घर ग्राम गंगौटी आया हुआ था। शुक्रवार को वह अपने मामा के खेतों में कृषि कार्य करने गया था। शाम को जब वह खेत से ‘तीसी’ की फसल लेकर वापस घर की ओर लौट रहा था, तभी अचानक तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान वह आकाशीय बिजली गाज की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सुबह खेत गए ग्रामीणों ने देखा शव

शुक्रवार शाम को रविन्द्र के घर न लौटने पर परिजन चिंतित थे, लेकिन बारिश और अंधेरे के कारण कुछ पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह जब ग्रामीण अपने खेतों की ओर गए, तब उन्होंने रविन्द्र का झुलसा हुआ शव देखा। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस चौकी बसदेई की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल सूरजपुर भेज दिया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment