---Advertisement---

जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा, कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- भारत की आगामी जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर एस. जयवर्धन ने राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जनगणना की तैयारियों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई तथा प्रशिक्षण पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आंकड़े अधूरे या त्रुटिपूर्ण न हों, इस पर विशेष ध्यान रखा जाए।

छत्तीसगढ़ में जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। कलेक्टर ने इस अवधि से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना की सफलता सूक्ष्म योजना, समन्वय और सटीक क्रियान्वयन पर निर्भर करती है, इसलिए सभी अधिकारी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ इस राष्ट्रीय दायित्व का निर्वहन करें।

बैठक में कलेक्टर ने अनुविभाग एवं तहसीलवार राजस्व प्रकरणों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अवैध अतिक्रमण, विवादित एवं अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन और त्रुटि सुधार सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

Leave a Comment