---Advertisement---

महतारी वंदन योजना एवं समाज कल्याण पेंशन योजना केवाईसी अभियान की तैयारी: जनपद ओड़गी में वीएलई एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया गया संयुक्त प्रशिक्षण

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- महतारी वंदन योजना एवं समाज कल्याण पेंशन योजना के अंतर्गत शेष हितग्राहियों का केवाईसी सत्यापन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ई-डिस्ट्रिक्ट परियोजना के तहत जनपद पंचायत ओड़गी में एक संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में जनपद अंतर्गत समस्त ग्राम स्तरीय उद्यमी (वीएलई), महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएँ सम्मिलित हुईं।

03 अप्रैल से प्रारंभ होगा त्रिमासीय केवाईसी अभियान- प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रदेश में शेष 65 लाख हितग्राहियों का ऑनलाइन केवाईसी सत्यापन 03 अप्रैल 2025 से प्रारंभ होकर 30 जून 2025 तक संचालित किया जाएगा। सूरजपुर जिले में इस अभियान के तहत महतारी योजना की 217879 महिला हितग्राहियों का केवाईसी सत्यापन किया जाना प्रस्तावित है।

दोनों योजनाओं का यह केवाईसी अभियान वीएलई एवं महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त समन्वय से चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक सत्यापन की सुविधा उनके द्वार तक पहुँचाई जा सके। इस व्यापक लक्ष्य की पूर्ति के लिए ग्राम स्तर तक सुदृढ़ तंत्र खड़ा करना आवश्यक है, इसीलिए वीएलई एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को एकसाथ प्रशिक्षित कर मैदानी स्तर पर क्षमता निर्माण किया जा रहा है।

जिले के सभी जनपदों में होगा प्रशिक्षण- यह प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल ओड़गी जनपद तक सीमित नहीं है, बल्कि सूरजपुर जिले की समस्त जनपद पंचायतों में क्रमबद्ध रूप से आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह है कि प्रत्येक विकासखंड में तैनात मैदानी अमला ऑनलाइन केवाईसी की तकनीकी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज़ों एवं पोर्टल संचालन में पूरी तरह दक्ष हो, ताकि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

पात्र हितग्राही न रहें वंचित- महतारी वंदन योजना एवं समाज कल्याण पेंशन योजना — दोनों के केवाईसी सत्यापन की यह संयुक्त पहल योजनाओं में पारदर्शिता लाने एवं पात्र हितग्राहियों को बिना किसी व्यवधान के नियमित लाभ मिलते रहने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शासन व प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि कोई भी पात्र महिला अथवा पेंशन हितग्राही केवाईसी न होने के कारण योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसलिये जिला प्रशासन द्वारा समस्त जिले वासियों से अपील की गई है कि पात्र हितग्राही अपना ई-केवाईसी करना सुनिश्चित करें।

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment