---Advertisement---

“ज्ञानभारतम” पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान : कलेक्टर जयवर्धन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- भारत सरकार की महत्वपूर्ण पहल “ज्ञानभारतम” पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान के क्रियान्वयन हेतु दिनांक 30 मार्च को समय सीमा की बैठक में जिला कार्यालय सूरजपुर के सभाकक्ष में कलेक्टर एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई थी ।

बैठक में जिले में पांडुलिपियों की पहचान, दस्तावेजीकरण एवं मोबाइल एप के माध्यम से पंजीयन की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में विजेन्द्र पाटले मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सूरजपुर, पुष्पेंद्र शर्मा संयुक्त कलेक्टर, घनश्याम सिंह सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, रविन्द्र सिंहदेव सहायक संचालक शिक्षा, डॉ. मोहन साहू परियोजना अधिकारी डीएलएमए तथा एच.एन. दुबे, प्राचार्य शासकीय रे.र.मि. महाविद्यालय सूरजपुर उपस्थित रहे।

बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार जिले की ग्राम पंचायतों में पांडुलिपि सर्वेक्षण का कार्य ग्राम पंचायत सचिवों के माध्यम से तथा नगर पंचायत क्षेत्रों में नगर पंचायत प्रमुखों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। जिले के समस्त महाविद्यालयों में इतिहास विभाग के विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों एवं अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के माध्यम से सर्वेक्षण एवं मोबाइल पंजीयन का कार्य किया जाएगा। इसी प्रकार जिले के समस्त हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूलों में कार्यरत इतिहास व्याख्याताओं को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

पुराने पुरोहित मठों, मंदिरों, ट्रस्टों एवं राजपरिवारों से संपर्क कर राजस्व अमले के माध्यम से पांडुलिपियों का मोबाइल एप में पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा। जिले में निवासरत जनजातीय समाज प्रमुखों से संपर्क कर पांडुलिपियों की पहचान एवं पंजीयन का दायित्व सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को सौंपा गया।

उल्लेखनीय है कि इस सर्वेक्षण अभियान के लिए “ज्ञान भारतम् मोबाइल एप्स” मोबाइल एप्लीकेशन गूगल प्ले स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है, जिसके माध्यम से पांडुलिपियों की पहचान कर उनका पंजीयन किया जाना है। इसके लिए जिले के कलेक्टर ने जिले वासियों से अपील किया है कि जिले की पुरातन पहचान को नए पीढ़ी के लिए प्रकाश में लाने के लिए अपना योगदान दे।

Related News

Leave a Comment