कांग्रेस मीडिया प्रभारी अविनाश साहू के भंडाफोड़ के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, लापरवाह CHO को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी
सूरजपुर/ओड़गी- जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र चांदनी बिहारपुर के नवाटोला स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर भारी लापरवाही का मामला सामने आया है। शनिवार को कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी अविनाश साहू ने स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहाँ व्याप्त अव्यवस्थाओं की पोल खोल दी। लंबे समय से मिल रही शिकायतों की पुष्टि करने जब अविनाश साहू खुद मौके पर पहुँचे, तो कार्यालय समय के दौरान अस्पताल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ा मिला।
अधिकारियों को मौके से ही किया फोन, माँगी कड़ी कार्यवाही
अस्पताल बंद मिलने पर नाराजगी जताते हुए अविनाश साहू ने तत्काल मौके से ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सूरजपुर और ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी ओड़गी को फोन लगाकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि दुर्गम क्षेत्रों की गरीब जनता को इलाज के लिए भटकने पर मजबूर करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साहू ने सवाल उठाया कि जब सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावे करती है, तो जमीनी स्तर पर अस्पताल के दरवाजों पर ताले क्यों लटके हैं?
भंडाफोड़ के बाद एक्शन: CHO को नोटिस जारी
अविनाश साहू के कड़े रुख और मामले को प्रमुखता से उठाने के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया। खण्ड चिकित्सा अधिकारी ओड़गी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर नवाटोला की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कुमुद साहू को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार, बिना सूचना और अवकाश स्वीकृति के कार्य से नदारद रहने के कारण संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से अवैतनिक करते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की अनुशंसा जिला कार्यालय को भेज दी गई है। प्रशासन ने माना है कि यह लापरवाही ‘छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965’ के विपरीत है।
प्रशासन की संवेदनशीलता पर खड़े हुए सवाल ?
निरीक्षण के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए अविनाश साहू ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “नवाटोला स्वास्थ्य केंद्र पर लगा यह ताला केवल लोहे का ताला नहीं है, बल्कि यह प्रशासन की संवेदनशीलता पर लटका ताला है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संरक्षण के कारण ही कर्मचारी अपनी मनमानी कर रहे हैं और ड्यूटी से नदारद रहते हैं। साहू ने स्पष्ट किया कि अब केवल कागजी स्पष्टीकरण से काम नहीं चलेगा, बल्कि लापरवाह कर्मचारियों पर सीधी और कठोर कार्यवाही होनी चाहिए।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में लीपापोती की गई या दोषियों को बचाने का प्रयास हुआ, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हक के लिए उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जब तक नवाटोला में नियमित स्वास्थ्य सुविधाएँ बहाल नहीं हो जातीं, उनकी यह लड़ाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस त्वरित कार्यवाही के बाद अब क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद जगी है।



















