सूरजपुर- कलेक्टर एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) प्रबंधकारिणी समिति की बैठक जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, डीएफओ डी.पी. साहू, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, सभी एसडीएम, जिलास्तरीय अधिकारी एवं प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सेक्टरवार कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही वर्ष 2025-26 में स्वीकृत कार्यों की जानकारी, वर्षवार स्वीकृत कार्यों की सेक्टरवार संख्यात्मक स्थिति, जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत प्राप्त अंशदान एवं उपलब्ध निधि तथा वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में निरस्त किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने बैठक में पेयजल आपूर्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, वृद्ध एवं दिव्यांगजन कल्याण, कौशल विकास एवं आजीविका सृजन, स्वच्छता, आवास, कृषि एवं पशुपालन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।


















