---Advertisement---

पीएम-आशा योजना अंतर्गत किसानों के पंजीयन की तिथि 20 अप्रैल 2026 तक बढ़ाई गई

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा योजना) के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम में जिले के किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 20 अप्रैल 2026 कर दी गई है। योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन तथा रबी विपणन वर्ष 2026-27 हेतु चना, मसूर एवं सरसों की फसल बोने वाले कृषकों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। इच्छुक किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा संबंधित सेवा सहकारी समिति में आवेदन पत्र के साथ ऋण पुस्तिका, बी-1, पी-2, आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा कर निर्धारित तिथि तक पंजीयन करा सकते हैं। रबी फसलों के सत्यापन में आ रही कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि फसल एवं रकबा सत्यापन हेतु पटवारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र को मान्य किया जाएगा। इसके आधार पर समितियों द्वारा उपार्जन की कार्रवाई की जाएगी।

योजना अंतर्गत पंजीकृत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीदी की जाएगी, जिसमें अरहर 8000 रुपए, मूंग 8768 रुपए, उड़द 7800 रुपए, मूंगफली 7263 रुपए, सोयाबीन 5328 रुपए, चना 5875 रुपए, मसूर 7000 रुपए एवं सरसों 6500 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है। फसल उपार्जन का कार्य जिले में चिन्हांकित उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किया जाएगा, जहां केंद्रीय एजेंसी नेफेड द्वारा खरीदी की जाएगी। उपार्जन कार्य सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक संचालित होगा साथ ही, खरीफ फसलों की खरीदी निर्धारित सीमा के अनुसार की जाएगी, जिसमें अरहर, मूंग एवं उड़द 3 क्विंटल प्रति एकड़, मूंगफली 7 क्विंटल प्रति एकड़ तथा सोयाबीन 5 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से उपार्जन किया जाएगा। जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर पंजीयन कराकर शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी उपज का विक्रय कर योजना का लाभ उठाएं।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment