सूरजपुर- जिले में राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं आम नागरिकों को उनके द्वार पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार राजस्व पखवाड़ा का आयोजन इस माह तहसील व ग्राम पंचायत स्तर पर 15 अप्रैल तक किया जा रहा है। तैयार रोस्टर के अनुसार प्रत्येक शिविर में संबंधित पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहकर कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं।
शिविरों में अविवादित नामांतरण, सीमांकन, नक्शा बटांकन, भू-अभिलेख सुधार सहित आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जैसे प्रकरणों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए यथा शीघ्र निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है।
आज इन ग्राम पंचायतों में हुआ शिविर
आज ओड़गी तहसील के ग्राम पंचायत धरसेड़ी, चपदा, इंदरपुर व कालामांजन में शिविर आयोजित किया गया। बिहारपुर तहसील के कछिया, उमझर, कोल्हुआ एवं ठाड़पाथर तथा भटगांव तहसील के बैजनाथपुर, करसू, अनरोखा व पहाड़अमोरनी में भी शिविर का आयोजन हुआ। लटोरी तहसील के करमपुर, परसापारा, पहाड़गांव; प्रेमनगर तहसील के जयपुर व बल्देवनगर; सूरजपुर तहसील के सोहागपुर, झूमरपारा, रतनपुर, कंदरई व राजापुर में भी शिविर आयोजित किए गए। रामानुजनगर तहसील के अगस्तपुर, कोट, पंपापुर, सागरपुर, चंदरपुर, सेंदुरी, कैलासपुर व बरहोल में शिविर हुए। इसके अलावा भैयाथान तहसील के रजबहर, डबरीपारा एवं प्रतापपुर तहसील के धरमपुर व बगड़ा में भी शिविर का आयोजन किया गया।
अब तक 2109 में से 1516 आवेदन निराकृत
शिविरों में अब तक प्राप्त आवेदनों की स्थिति इस प्रकार है कृ अविवादित नामांतरण में 211 आवेदन प्राप्त जिसमें 89 निराकृत, बंटवारा में 49 में से 16, किसान किताब में 34 में से 17, सीमांकन में 19 में से 05, आय प्रमाण पत्र में 568 में से 465, जाति प्रमाण पत्र में 486 में से 374, निवास प्रमाण पत्र में 585 में से 456 तथा राजस्व प्रकरणों में 125 में से 94 आवेदन निराकृत किए गए। इस प्रकार कुल 2109 आवेदनों में से 1516 का निराकरण किया जा चुका है।
दस्तावेज वितरण एवं योजनाओं की जानकारी भी
राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व पट्टा, नामांतरण आदेश, सीमांकन पत्र, ऋण पुस्तिका व नक्शा प्रतिलिपि सहित अन्य आवश्यक राजस्व दस्तावेजों का वितरण भी किया जा रहा है। शिविरों में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। शिविरों में पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण भाग ले रहे हैं।
कलेक्टर ने दिए गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
कलेक्टर एस. जयवर्धन ने सभी राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे शिविरों में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ आम जनता की समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने अविवादित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, डायवर्सन एवं नक्शा सुधार सहित सभी राजस्व प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रत्येक ग्राम में मुनादी कराकर अधिक से अधिक नागरिकों तक शिविरों की जानकारी पहुँचाने के भी निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने आमजनों से अपील की है कि वे ग्रामों में आयोजित शिविरों में पहुँचकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराएं और इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


















