सूरजपुर- राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार राज्य में औद्योगिक आपदाओं की तैयारी को सुदृढ़ करने हेतु आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय औद्योगिक आपदा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर सेना, उद्योग, पुलिस, लोक निर्माण, ऊर्जा, स्वास्थ्य, जल संसाधन, नगरीय निकाय, खाद्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, श्रम एवं खनिज विभाग के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान औद्योगिक एवं रासायनिक आपदाओं से निपटने की रणनीतियों, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में रासायनिक आपदा को लेकर मॉक एक्सरसाइज आयोजित करने के संबंध में भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा तथा विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा।
उल्लेखनीय है कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों के तहत 21 अप्रैल को टेबल टॉप एक्सरसाइज तथा 23 अप्रैल को मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण अभ्यास किया जाएगा।



















