मोदी और साय सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प
सूरजपुर/रामानुजनगर- भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के विशेष अवसर पर रामानुजनगर मंडल के ग्राम पंचायत सराईपारा में ‘गांव चलो, घर चलो अभियान’ का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष गुलाब सिंह उपस्थित रहे, जिन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राहियों का पारंपरिक रूप से सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष गुलाब सिंह ने कहा कि डबल इंजन की सरकार का एकमात्र लक्ष्य अंत्योदय है। उन्होंने लाभार्थियों से सीधा संवाद करते हुए सरकारी योजनाओं के जमीनी प्रभाव की जानकारी ली। विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित मंडल महामंत्री सौभाग्य दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की विचारधारा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय होने और 6 से 14 अप्रैल तक चलने वाले सेवा कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने सराईपारा के विभिन्न पारा-मोहल्लों में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। कार्यकर्ताओं ने केंद्र की उज्ज्वला, आयुष्मान और पीएम आवास जैसी योजनाओं के साथ-साथ राज्य की महतारी वंदन योजना के सफल क्रियान्वयन पर चर्चा की। इस दौरान स्वच्छता अभियान और आगामी डॉ. अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की गई।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण जन मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार की नीतियों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।


















