---Advertisement---

शिक्षकों के समर्पण से ही होगा शिक्षा का सशक्त निर्माण‘ – मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

Follow Us
Spread the love

जिला स्तरीय मुख्यमंत्री शिक्षा अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान, मंत्री एवं विधायक ने की शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना

 ‘‘शिक्षक केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहें, बच्चों को नैतिक शिक्षा, अनुशासन एवं जीवन कौशल से भी जोड़ें‘‘ – विधायक भूलन सिंह मरावी

सूरजपुर- जिला स्तरीय मुख्यमंत्री शिक्षा अलंकरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज के भविष्य निर्माता होते हैं और उनके समर्पण से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। मंत्री ने कहा कि शिक्षा ही वह आधारशिला है, जिस पर किसी भी सशक्त एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण होता है, और इस आधारशिला को मजबूती प्रदान करने का कार्य शिक्षकों के कंधों पर है।

मंत्री राजवाड़े ने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इसी प्रकार नवाचार एवं लगन के साथ कार्य करते रहें, ताकि बच्चों का शैक्षणिक स्तर निरंतर ऊँचाइयों को छू सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु निरंतर प्रयासरत है और इस दिशा में शिक्षकों की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। मंत्री ने सम्मानित हुए समस्त शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह शिक्षकों के उत्साह एवं मनोबल को बढ़ाकर उन्हें और बेहतर प्रदर्शन हेतु प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में कार्यरत शिक्षक सीमित संसाधनों के बावजूद भी उत्कृष्ट परिणाम दे रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी है। उन्होंने शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे बच्चों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें नैतिक शिक्षा, अनुशासन एवं जीवन कौशल से भी जोड़ें, ताकि वे एक बेहतर एवं जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

विधायक ने आगे कहा कि शिक्षकों का समर्पण ही शिक्षा व्यवस्था की मजबूती का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने का कार्य करते हैं और अन्य शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्य की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों को उनके योगदान के लिए शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य में और बेहतर कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया।

समारोह के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रही प्रगति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के सतत प्रयासों एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन से शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में नवाचार, नियमित मूल्यांकन एवं विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी ने समस्त शिक्षकों से इसी समर्पण एवं लगन के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने सम्मानित होने वाले शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए तालियों की गूँज से पूरे वातावरण को उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय बना दिया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के चेहरों पर गर्व एवं आत्मसंतोष का भाव स्पष्ट दृष्टिगोचर हो रहा था।

कार्यक्रम के अंत में सहायक संचालक रविंद्र सिंह देव ने समस्त गणमान्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित शिक्षकगण के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने समारोह को सफल बनाने में सभी के सक्रिय सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।

इस अवसर पर मुरली मनोहर सोनी, अजय गोयल, विश्रामपुर के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश यादव, नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह चौहान, हरिश राजवाड़े, दीपक गुप्ता, कैलाश सिदार, रवि शंकर बउवा, रितेश जायसवाल, सतीश तिवारी, मनी बग्गा, सत्यनारायण जायसवाल, श्यामू साहू, अनीता सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण, शिक्षाविद्, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में शिक्षा प्रेमी उपस्थित रहे।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment