भैयाथान और लटोरी में उमड़ा जनसैलाब, 20 हजार से अधिक हस्ताक्षरों के साथ सौंपे गए ज्ञापन
सूरजपुर/भैयाथान- जिले में गौ सम्मान आहवान अभियान ने व्यापक जनआंदोलन का रूप ले लिया है। भैयाथान और लटोरी तहसीलों में हजारों लोगों की भागीदारी के साथ भव्य रैलियां निकाली गईं और गौ संरक्षण के समर्थन में 20 हजार से अधिक हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन प्रशासन को सौंपे गए। इस अभियान में समाज के हर वर्ग, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग—बढ़-चढ़कर शामिल हुए।
भैयाथान 5 हजार हस्ताक्षरों के साथ निकली विशाल रैली
भैयाथान में करीब 500 गौ भक्तों ने शिव मंदिर सलका से रैली की शुरुआत की, जो गायत्री मंदिर होते हुए संकीर्तन और भक्ति भाव के साथ तहसील कार्यालय पहुंची। पूरे मार्ग में गौ माता का सम्मान और गौ हत्या बंद करो” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा।
तहसील कार्यालय में तहसीलदार को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम 5000 हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग की गई।
लटोरी, 14,736 हस्ताक्षरों के साथ भव्य जनसमर्थन
लटोरी तहसील में भी अभियान को अभूतपूर्व समर्थन मिला। दशहरा मैदान से शुरू हुए आयोजन में हजारों गौ प्रेमी एकत्रित हुए। गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती और संकीर्तन के बाद विशाल रैली मुख्य बाजार से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची।
यहां तहसीलदार को 14,736 हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें गौ वध पर कठोर कानून बनाने और गौ वंश के संरक्षण व संवर्धन के लिए प्रभावी उपाय करने की मांग की गई।
सांस्कृतिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बना अभियान
दोनों तहसीलों में आयोजित कार्यक्रमों ने यह स्पष्ट किया कि गौ संरक्षण को लेकर समाज में गहरी आस्था और जागरूकता है। प्रतिभागियों ने इसे केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और मूल्यों की रक्षा का संकल्प बताया।
कार्यक्रमों में महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी ने सामाजिक एकजुटता और जनचेतना का मजबूत संदेश दिया।
प्रशासन के साथ हुई महत्वपूर्ण चर्चा, सुरक्षा पर जोर
भैयाथान क्षेत्र में अभियान के दौरान झिलमिली थाना और स्थानीय गौ सेवकों के बीच बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें गौ तस्करी पर रोक, सड़कों पर विचरण कर रहे गौ वंश के लिए आश्रय व्यवस्था और सुरक्षा उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रशासन ने आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा आयोजन
दोनों स्थानों पर कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न हुए। आयोजकों ने जनसमर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस अभियान को और व्यापक स्तर पर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
इस तरह भैयाथान और लटोरी में उमड़े जनसैलाब ने यह संदेश दिया कि गौ संरक्षण अब केवल एक मुद्दा नहीं, बल्कि जनभावना का सशक्त स्वर बन चुका है।



















