---Advertisement---

भीषण गर्मी में राहत: सूरजपुर न्यायालय परिसर में वरिष्ठ नागरिक संघ ने शुरू किया निःशुल्क शीतल जल प्याऊ

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच सूरजपुर में एक मानवीय व सराहनीय पहल की गई है। वरिष्ठ नागरिक संघ सूरजपुर द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से जिला एवं सत्र न्यायालय सूरजपुर परिसर में निःशुल्क शीतल जल प्याऊ का शुभारंभ किया गया।

इस पहल का उद्देश्य दूर-दराज के गांवों से न्यायालय आने वाले ग्रामीणों, राहगीरों एवं पक्षकारों को भीषण गर्मी में पानी के लिए भटकने की परेशानी से मुक्ति दिलाना है। ताकि हर जरूरतमंद को समय पर शीतल जल उपलब्ध हो सके।

प्याऊ के उद्घाटन अवसर पर विनिता वार्नर, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर ने वरिष्ठ नागरिक संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल पानी पिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वरिष्ठ नागरिक संघ ने इस पहल के माध्यम से समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व के निर्वहन का संदेश भी दिया है।

विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर की सचिव पायल टोपनो ने कहा कि पक्षकारों के लिए यह जल सेवा किसी वरदान से कम नहीं है। न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों को इस सुविधा से बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक संघ के संयोजक लालचन्द अग्रवाल, अध्यक्ष एवं राज्य अधिवक्ता संघ के सदस्य अनिल गोयल, संरक्षक हरिदास अग्रवाल, प्रवक्ता एस.के. तिवारी, उपाध्यक्ष पवन मित्तल एवं आर.एस. मिश्रा, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बलराम शर्मा, सचिव राजेश गोयल, जिला लोक अभियोजक राजू दास तथा अधिवक्तागण सुशील निगम, शोभु दुबे, प्रमेन्द्र कुशवाहा, अशोक यादव, गजानन्द साहू, जयेश दनौदिया, दुर्गा, आर.पी. यादव एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता तथा पक्षकार उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नागरिक संघ की यह पहल समाजसेवा की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो न्यायालय परिसर में आने वाले प्रत्येक जरूरतमंद को गर्मी के इस मौसम में राहत प्रदान करेगी।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment