सूरजपुर- शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय सूरजपुर के बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने पाठ्यक्रम के अनुसार एसईसी कुशलता संवर्धन पाठ्यक्रम के अनुसार पौधों से सजावट करने के विभिन्न विधियों का अध्ययन किया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत प्रत्येक सम संख्या के सेमेस्टर में विद्यार्थियों को एसईसी के रूप में एक पाठ्यक्रम का अध्ययन करना होता है, जिसमें चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने फ्लोरीकल्चर एवं गार्डनिंग विषय पर फूलों एवं पौधों से सजावट करने की कला का अध्ययन किया। इस अध्ययन में विद्यार्थियों के द्वारा विभिन्न सजावटी पौधों को गमले में लगाया गया तथा उन पौधों से विभिन्न प्रकार की सजावट प्रारूप का निर्माण किया गया, जिसका मूल्यांकन आज दिनांक 6 मई 2026 को किया गया। यह विषय वनस्पति शास्त्र विभाग के द्वारा अध्यापन कराया जा रहा है।
विभाग अध्यक्ष टी. आर. राहंगडाले तथा अतिथि व्याख्याता डॉ सुप्रिया तिवारी एवं उज्जैनी किशोर के द्वारा यह अध्यापन कराया गया। विद्यार्थियों के द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट का मूल्यांकन भी किया गया। विद्यार्थियों द्वारा लगाए हुए पौधों की देखभाल लगातार की जा रही है और उन्होने अध्यापन पूर्ण होते तक पौधों की देखरेख करने का संकल्प भी लिया है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच एन दुबे द्वारा विद्यार्थियों के द्वारा किए गए इस कार्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की है तथा उनके उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद भी प्रदान किया है, इस कार्य से आने वाले विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी तथा महाविद्यालय परिसर में विभिन्न सजावटी पौधों को सजा कर रखा जा सकेगा। विद्यार्थियों को भविष्य में आर्थिक उपार्जन के लिए यह कुशलता संवर्धन पाठ्यक्रम उपयोगी सिद्ध होगा।


















