ग्राम पंचायत रेवटी में समाधान शिविर का सफलतापूर्वक हुआ आयोजन
सूरजपुर- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन सरकार के दिशा-निर्देशन में प्रदेशभर में 01 मई से 10 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे ’’सुशासन तिहार 2026’’ के अंतर्गत आज जिले के विकासखंड प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत रेवटी में जनसमस्या निवारण शिविर (समाधान शिविर) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। ’’सरकार आपके द्वार’’ की भावना के अनुरूप यह शिविर ग्राम पंचायत रेवटी के छात्रावास परिसर स्थित खेल मैदान में संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
आयोजित शिविर में क्लस्टर अंतर्गत सम्मिलित 20 ग्रामों के नागरिकों की समस्याओं व मांग को सुना गया। इसके साथ आवेदको से आवेदन प्राप्त कर आवेदन की प्रकृति के आधार पर संबंधितों द्वारा अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की गयी। शिविर में सम्मिलित ग्रामों में भेलकच्छ, रमकोला, उघुई, बरपटिया, दुलदुली, बोंगा, गोविंदपुर, धुमाडांड, नरोला, बटई, धोंधा, सोनडिहा, गोवर्धनपुर, रामपुर, चांचीडांड-2, रेवटी, डांडकरवां, बडवार, पहाडकरवां एवं भेडिया सम्मिलित रहे।
शिविर में राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, समाज कल्याण, विद्युत, लोक निर्माण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु आवश्यक प्रक्रिया से अवगत कराया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्टॉल भी लगाए गए, जहाँ नागरिकों को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, जाति-निवास-आय प्रमाण पत्र, पेंशन योजना, किसान कल्याण योजनाएँ, स्वास्थ्य परीक्षण एवं अन्य योजनाओं संबंधी सेवाएं प्रदान की गयीं। ग्रामीणों ने शिविर में पहुँचकर अपनी समस्याओं के समाधान पर संतोष व्यक्त किया तथा शासन-प्रशासन के इस जनहितैषी प्रयास की सराहना की।
शिविर में जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजन, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अनुविभागीय अधिकारी ललिता भगत, जनपद पंचायत के अधिकारी, तथा विभिन्न विभागों के मैदानी अमले का सक्रिय योगदान रहा।


















