4 लाख आहरण के बाद भी निर्माण अधूरा, ग्रामीणों ने जताई भ्रष्टाचार की आशंका; जांच के निर्देश
सूरजपुर/प्रतापपुर- जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़वार में अल्पसंख्यक कल्याण योजना के तहत कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए वर्ष 2023-24 में 10 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन लगभग दो वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और पंचायत के जिम्मेदारों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य करीब दो वर्ष पहले प्रारंभ कराया गया था। जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव द्वारा लगभग 4 लाख रुपये की राशि आहरित कर कार्य शुरू कराया गया, लेकिन आज तक निर्माण पूरा नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर जितना निर्माण दिखाई दे रहा है, वह खर्च की गई राशि के अनुरूप नहीं है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य लंबे समय से बंद पड़ा है और इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। पंचायत प्रतिनिधियों की निष्क्रियता और उदासीन रवैये के कारण लोगों में यह चर्चा तेज हो गई है कि निर्माण कार्य में कहीं न कहीं भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि शासन द्वारा जनहित में जारी की गई राशि का सही उपयोग हो सके। लोगों का कहना है कि कब्रिस्तान जैसे सार्वजनिक स्थल की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए बाउंड्री वॉल अत्यंत आवश्यक है।
वहीं इस पूरे मामले को लेकर जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले को जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए जनपद पंचायत प्रतापपुर के सीईओ को निर्देशित किया जाएगा।


















