ग्राम पंचायत डाड़ंकरवा के 60 वर्षीय फुलसाय की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन को जताया आभार
सूरजपुर- जिले में संचालित सुशासन तिहार 2026 आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। गांव-गांव में आयोजित समाधान शिविरों में ग्रामीणों की शिकायतों एवं आवेदनों का मौके पर ही निराकरण हो रहा है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं एवं जरूरतमंदों को व्यापक राहत मिल रही है।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत डाड़ंकरवा निवासी 60 वर्षीय फुलसाय के चेहरे पर भी सुशासन तिहार ने राहत की मुस्कान बिखेर दी। फुलसाय लंबे समय से पेंशन योजना का लाभ पाने की उम्मीद लगाए बैठे थे, परंतु विभिन्न तकनीकी कारणों से उनका नाम लाभार्थी सूची में शामिल नहीं हो पा रहा था। समाधान शिविर में पहुंचकर उन्होंने अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी, जिस पर जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही उनका नाम पेंशन योजना में जोड़कर संबंधित प्रमाण पत्र भी उपलब्ध करा दिया।
पेंशन स्वीकृत होने पर फुलसाय ने भावुक स्वर में कहा कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के लिए शासकीय कार्यालयों के अनेक चक्कर लगाने पड़ते थे, परंतु अब गांव में ही शिविर लगने से बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग का ध्यान रखकर कार्य कर रही है तथा सुशासन तिहार के माध्यम से शासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।


















