कमलपुर में आयोजित कार्यक्रम में मत्स्य व्यवसाय को बढ़ावा देने पर जोर
सूरजपुर- विकासखंड रामानुजनगर अंतर्गत ग्राम कमलपुर में आज सुशासन तिहार कार्यक्रम में मत्स्य व्यवसाय से जुड़े हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने मछुआ सहकारी समिति मर्यादित धनेशपुर के सदस्य भरत सिंह एवं दिलप्रताप को मत्स्याखेट के लिए जाल प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि हितग्राही ग्राम के बांध को 10 वर्षीय लीज पर लेकर समिति के माध्यम से मत्स्य पालन का कार्य कर रहे हैं। समिति द्वारा नियमित रूप से मत्स्य संवर्धन एवं मत्स्याखेट गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और समिति सदस्यों की आय में भी वृद्धि हो रही है।
कार्यक्रम में मत्स्य पालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने मत्स्य व्यवसाय को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। अधिकारियों ने कहा कि शासन द्वारा मछुआ समुदाय एवं मत्स्य सहकारी समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि राज्य शासन गांवों में रहने वाले किसानों और मछुआरों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण परिवार आत्मनिर्भर बन सकें।
हितग्राहियों ने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त जाल से मत्स्याखेट कार्य में सुविधा होगी और मत्स्य उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिलेगी। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, मछुआ सहकारी समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


















