मीडिया की पहल रंग लाई, पेयजल संकट खत्म होने पर ग्रामीणों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
सूरजपुर/प्रतापपुर- जिले के प्रतापपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा परसापारा में पिछले दो महीनों से बंद पड़े सोलर पेयजल पंप को आखिरकार सुधार दिया गया है। लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब बड़ी राहत मिली है। सोलर पंप में नया मोटर लगते ही गांव में फिर से पानी की आपूर्ति शुरू हो गई, जिससे ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
बताया जा रहा है कि सोलर पंप का मोटर खराब होने के कारण ग्रामीणों को बीते दो महीनों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाना पड़ता था, वहीं कई परिवार मजबूरी में तालाब एवं असुरक्षित स्रोतों के पानी का उपयोग कर रहे थे, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया था।
ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही थी। इसके बाद मामले को स्थानीय पत्रकार जाहिद अंसारी एवं अन्य प्रमुख प्रिंट मीडिया पत्रकारों ने प्रमुखता से उठाया और ग्रामीणों की समस्या को प्रशासन व विभाग तक पहुंचाया।
खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया और सोलर पंप में नया मोटर लगाकर पेयजल व्यवस्था बहाल कर दी गई। समस्या के समाधान के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और मीडिया के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा, “हम गरीब लोगों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं था, लेकिन मीडिया ने हमारी आवाज उठाई, जिसके बाद विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी।” ग्रामीणों ने जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने वाले पत्रकारों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
हालांकि ग्रामीणों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि भविष्य में ऐसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को महीनों इंतजार न करना पड़े और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


















