---Advertisement---

कलेक्टर रेना जमील ने रामानुजनगर विकासखंड का किया निरीक्षण

Follow Us
Spread the love

निर्माण कार्यों, स्वास्थ्य सुविधाओं और जनहित योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

सूरजपुर- कलेक्टर रेना जमील ने आज जिले के रामानुजनगर विकासखंड का दौरा कर विभिन्न निर्माणाधीन एवं शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने रामानुजनगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कृष्णपुर परिसर में लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) द्वारा निर्माणाधीन नवीन भवन का निरीक्षण किया। भवन निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त शौचालय निर्माण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने रामानुजनगर एसडीओ आरईएस मीनू मंडल को निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर देवनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएलएचओ) केडी पैकरा ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड की प्रगति एवं ब्लॉकिंग संबंधी जानकारी ली तथा चिकित्सकों की उपलब्धता, पुरुष एवं महिला वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी।

कलेक्टर ने गर्मी के मौसम को देखते हुए उल्टी-दस्त जैसी मौसमी बीमारियों की शिकायतों में वृद्धि की संभावना को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामवार सूची तैयार कर आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं अपडेट कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ, बीएमओ एवं बीपीएम को अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र देवनगर नवापारा, महतारी सदन देवनगर एवं सामुदायिक शौचालय भवन का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्व-सहायता समूह द्वारा देवनगर में संचालित फल दुकान का निरीक्षण कर समूह की आय की जानकारी ली तथा महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया।

कलेक्टर ने रामानुजनगर पुस्तकालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय में सदस्यता प्रणाली शुरू करने, बच्चों के आईडी कार्ड बनाने एवं व्यवस्थाओं के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए। साथ ही नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा शौचालय निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने आदर्श डिजिटल सेवा केंद्र का निरीक्षण किया, जहां महतारी वंदन योजना के तहत केवाईसी कराने आई महिलाओं से चर्चा कर योजना के अंतर्गत प्राप्त राशि के उपयोग की जानकारी ली।

इस दौरे के दौरान कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर का निरीक्षण कर चिकित्सकों एवं नर्सों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अस्पताल भवन में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उन्होंने आरईएस विभाग को मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने पंचायत द्वारा निर्मित कंटूर ट्रेंच, ब्लॉक प्लांटेशन एवं वाटर रिचार्ज कार्यों की जानकारी लेकर प्रगति की समीक्षा की।

इस अवसर पर एस डी एम रामानुजनगर, सीएमएचओ सूरजपुर, जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर, डीएमसी समग्र सूरजपुर,तहसीलदार रामानुजनगर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रामानुजनगर, विकास खंड शिक्षा अधिकारी, एसडीओ (आरईएस, पीडब्लूडी) सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Comment