सूरजपुर- 28 मई को मनाए जाने वाले ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर रेना जमील ने की। इस दौरान सामाजिक कार्याकर्ता, शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा सहित, संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर रेना जमील ने बकरीद के अवसर पर जिले में होने वाली नमाज की व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा उन्होंने पर्व के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में भी संबंधित अधिकारियों एवं समाज प्रमुखों से चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि पर्व को परंपरागत हर्षाेल्लास के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सौहार्द के वातावरण में मनाया जाए, यह जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी समुदायों से अपील की कि वे शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्वक मनाएं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के दौरान शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की अपील भी की।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले में ’नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112’ के सेवा के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब यह अत्याधुनिक एवं स्मार्ट तकनीक से लैस सेवा सूरजपुर जिले में भी प्रारंभ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस एक ही नंबर ’112’ पर डायल कर नागरिक पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं आपदा संबंधी सभी आपातकालीन सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। स्मार्ट तकनीक से लैस यह वाहन शीघ्र प्रतिक्रिया प्रणाली पर आधारित हैं, जिनसे आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित सहायता मिल सकेगी। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 9479193999 उपस्थित जनों को साझा किया।
बैठक में उपस्थित विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने जिला प्रशासन को पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सूरजपुर जिले में सदैव आपसी सद्भाव और भाईचारे की मिसाल कायम रही है तथा इस परंपरा को आगे भी बनाए रखा जाएगा। बैठक के अंत में कलेक्टर रेना जमील ने सभी जिलेवासियों को बकरीद पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।


















