---Advertisement---

सुशासन तिहार 2026 की बड़ी उपलब्धि: 162 परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु प्रशासकीय स्वीकृति

Follow Us
Spread the love

कलेक्टर की पहल पर स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अंतर्गत त्वरित कार्यवाही, हितग्राहियों के चेहरों पर खिली खुशी

 सफलता की कहानी –

सूरजपुर- ‘सुशासन का वास्तविक अर्थ है – आम नागरिक की समस्या का त्वरित, संवेदनशील एवं सम्मानजनक समाधान। सुशासन तिहार 2026 इसी संकल्प को जमीन पर उतारने का माध्यम है।‘ – यह उद्गार कलेक्टर रेना जमील ने व्यक्त किए, जब जिले में सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत 162 पात्र परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु प्रशासकीय स्वीकृति प्रदाय की गई।

कलेक्टर का स्पष्ट संदेश – योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचे

कलेक्टर रेना जमील ने इस उपलब्धि पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ‘ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सुशासन तिहार के माध्यम से हमारा प्रयास है कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की संवेदनशीलता से जांच हो और पात्र हितग्राहियों को बिना किसी विलंब के योजनाओं का सीधा लाभ मिले।‘ उन्होंने यह भी कहा कि ‘स्वच्छ भारत मिशन केवल एक शासकीय योजना नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का अभियान है। प्रत्येक परिवार को व्यक्तिगत शौचालय की सुविधा मिलना महिलाओं की गरिमा, बच्चों के स्वास्थ्य एवं समाज की समग्र स्वच्छता से जुड़ा विषय है।‘

कलेक्टर ने समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं स्वच्छ भारत मिशन के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्वीकृति प्राप्त हितग्राहियों के निर्माण कार्य की सतत मॉनिटरिंग की जाए तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए।

जनपदवार स्वीकृत हितग्राहियों का विवरण

जारी प्रशासकीय स्वीकृति आदेश के अनुसार जनपद पंचायत प्रतापपुर से सर्वाधिक 84 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। इसके अतिरिक्त जनपद पंचायत ओड़गी से 28, भैयाथान से 27, सूरजपुर से 19 तथा रामानुजनगर से 02 परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान की गई है। इस प्रकार कुल 162 परिवारों को इस योजना से जोड़ा गया है।

हितग्राहियों की प्रतिक्रिया – ‘प्रशासन ने हमारी सुनी‘

समय पर शौचालय निर्माण की स्वीकृति प्राप्त होने पर हितग्राहियों ने जिला प्रशासन एवं कलेक्टर रेना जमील के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। हितग्राहियों ने बताया कि सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविरों में आवेदन देने के पश्चात शीघ्र ही उनकी मांग पूरी हुई, जिससे वे अब अपने घर में स्वच्छ शौचालय की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। हितग्राहियों ने कहा कि ‘प्रशासन ने सच्चे अर्थों में हमारी सुनी और शीघ्र कार्यवाही की।‘ विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं ने इस निर्णय का स्वागत किया।

एक माह के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश

शासन के स्पष्ट दिशा-निर्देशानुसार जिन नए हितग्राहियों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदाय की गई है, उनके द्वारा एक माह के भीतर शौचालय निर्माण कार्य पूर्ण किया जाना अनिवार्य है, ताकि वे नियमानुसार प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने हेतु मांग प्रस्तुत कर सकें। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित जनपद पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्माण कार्य की सतत समीक्षा करते हुए हितग्राहियों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करें।

सुशासन तिहार बना जनकल्याण का सशक्त माध्यम

जिले में 01 मई से 10 जून 2026 तक संचालित सुशासन तिहार 2026 ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासकीय योजनाओं के सुगम क्रियान्वयन का सशक्त माध्यम सिद्ध हो रहा है। कलेक्टर रेना जमील के कुशल मार्गदर्शन में जिले की समस्त जनपद पंचायतों में आयोजित शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों तक विभिन्न शासकीय योजनाओं का सीधा एवं समयबद्ध लाभ पहुंचाया जा रहा है। व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की यह स्वीकृति इसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जो जिले को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) बनाए रखने एवं स्वच्छता की दिशा में और अधिक सशक्त करने में मील का पत्थर साबित होगी।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment