साइबर ठगों से सावधान! सरहरी मेला में प्रतापपुर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
“112 डायल करें, पुलिस हर समय आपके साथ” — ग्रामीणों को दिया सुरक्षा का भरोसा
जाहिद अंसारी
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सरहरी मेला में प्रतापपुर पुलिस द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, अपराध और सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष शामिल हुए और पुलिस की बातों को गंभीरता से सुना।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, बैंकिंग धोखाधड़ी, ओटीपी शेयर करने जैसी साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी। पुलिस ने स्पष्ट कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक डिटेल, एटीएम नंबर या ओटीपी साझा न करें, अन्यथा आर्थिक नुकसान हो सकता है।
प्रतापपुर थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस जागरूकता अभियान में बीट प्रभारी योगेंद्र भगत नौशाद खान ने ग्रामीणों को कानून व्यवस्था, साइबर सुरक्षा और सामाजिक अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपराध और नशे जैसी गतिविधियों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
पुलिस ने ग्रामीणों को यह भी बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 नंबर डायल करें, ताकि पुलिस समय पर मौके पर पहुंचकर सहायता प्रदान कर सके।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताते हुए भविष्य में इन बातों पर अमल करने की बात कही। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की मांग की।