प्रतिभावान खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को किया गया सम्मान, 21 दिनों में निखरी खेल प्रतिभाएं
सूरजपुर- जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 21 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 2026 का समापन समारोह मंगल भवन, सूरजपुर में हर्षाेल्लास के साथ संपन्न हुआ। 08 मई 2026 से 28 मई 2026 तक जिला मुख्यालय सूरजपुर में सफलतापूर्वक आयोजित इस शिविर का आयोजन जिला कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार किया गया।
गरिमामय रहा समापन समारोह
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चन्द्रमणि सिंह पैंकरा उपस्थित रहीं। इसके साथ ही डिप्टी कलेक्टर रमेश कुमार मोर तथा वॉलीबॉल संघ के सचिव रामश्रृंगार यादव भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं अतिथियों के पुष्पगुच्छ से स्वागत के साथ हुआ।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिला सम्मान
समापन समारोह में मुख्य अतिथियों द्वारा प्रतिभावान खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल एवं अनुशासन का प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक खेल के दो-दो प्रतिभावान खिलाड़ियों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
विविध खेलों के प्रशिक्षकों की रही सक्रिय सहभागिता
समापन समारोह में विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इनमें वॉलीबॉल कोच राजनाथ गुप्ता, स्वीमिंग कोच वेद कुमार, फुटबॉल कोच रामबहादुर लामा, ताइक्वांडो कोच आकाश सोनवानी, बैडमिंटन कोच प्रिंस, वुशु कोच लालजी यादव, खेलो इंडिया लघु केंद्र के फुटबॉल प्रशिक्षक प्रकाश गुप्ता, खो-खो कोच बालेन्द्र साहू तथा कबड्डी कोच सहदेव रवि शामिल रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन सीमांचल त्रिपाठी, सुनैना जायसवाल, बलवीर सिंह एवं आशीष द्वारा किया गया।


















