---Advertisement---

सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों को दी गई वीबी जीरामजी योजना की जानकारी

Follow Us
Spread the love

125 दिनों के रोजगार और पारदर्शी भुगतान व्यवस्था पर दिया गया विशेष जोर

सूरजपुर- जनपद पंचायत प्रेमनगर के ग्राम पंचायत कोटिया में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। शिविर में आगामी 01 जुलाई से लागू होने वाली ‘वीबी जीरामजी योजना‘ के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इसके उद्देश्य, प्रावधानों एवं संभावित लाभों से अवगत कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा आजीविका को सुदृढ़ बनाना है। योजना के तहत पात्र परिवारों को 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है, जिससे ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

शिविर में यह भी बताया गया कि योजना के अंतर्गत रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया गया है। साथ ही मजदूरी भुगतान की व्यवस्था को समयबद्ध एवं सरल बनाते हुए श्रमिकों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे राशि हस्तांतरित की जाएगी। इससे भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी तथा श्रमिकों को समय पर उनकी मेहनताना राशि प्राप्त हो सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उनके अधिकारों एवं पात्रता संबंधी लाभों के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक शिविर में भाग लेते हुए योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न विषयों पर अधिकारियों से चर्चा भी की।

इस अवसर पर विधायक भूलन सिंह मरावी, अनुविभागीय अधिकारी अजय मोडियम, जनपद पंचायत प्रेमनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिव कुमार टंडन, कार्यक्रम अधिकारी राजेश्वर कुमार गुप्ता सहित जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment