सूरजपुर- कलेक्टर रेना जमील ने जिला संयुक्त कार्यालय में खनिज, वन, श्रम एवं उद्योग विभाग से संबंधित योजनाओं और गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में डीएफओ सूरजपुर, खनिज एवं श्रम विभाग के अधिकारी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (जीएमडीआईसी) के महाप्रबंधक सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों प्रकाश इंडस्ट्रीज, श्री सीमेंट , राजस्थान राज्य उत्पादन निगम लिमिटेड के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में एसईसीएल अंतर्गत संचालित कोयला खदानों से संबंधित प्रकरणों पर चर्चा करते हुए लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। इस दौरान अधिग्रहीत भूमि के एवज में भुगतान राशि, मुआवजा प्रकरणों की भी जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान खनिज अधिकारी से जिल में चल रही रेत उत्खनन, रेत भंडारण के साथ अवैध उत्खनन के मामलों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही वन विभाग से जुड़े मुद्दों को लेकर भी चर्चा की गयी।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), पीएमएफएमई, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा जिले में स्थापित औद्योगिक इकाइयों की जानकारी प्रस्तुत की। कलेक्टर ने फूड प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना, महिला उद्यमियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जिले में उपलब्ध कृषि एवं प्राकृतिक संसाधनों को ध्यान में रखते हुए फूड प्रोसेसिंग सहित अन्य उद्योगों की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन कर उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री सिलाई सहायता योजना के अंतर्गत क्लस्टर आधारित मॉडल विकसित कर स्व-सहायता समूहों के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो समुदाय के श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने, कम लिंगानुपात वाले क्षेत्रों में महिलाओं को शासकीय योजनाओं से जोड़ने तथा दीदी ई-रिक्शा योजना एवं नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को समन्वित प्रयासों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।


















