भैयाथान के चंद्रमेढ़ा में आयोजित शिविर में 17 ग्रामों के ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं और मांगें
सूरजपुर- राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार 2026 के तहत विकासखंड भैयाथान की ग्राम पंचायत चंद्रमेढ़ा स्थित हाईस्कूल मैदान में आज समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। शिविर में प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी हितग्राहियों को प्रदान किया गया।
इस समाधान शिविर में चंद्रमेढ़ा, कटिंदा, पहाड़ अमोरनी, पलमा, अनरोखा, पोड़ी, नरकालो, कपसरा, तेलगवां, धरमपुर, सलका, चंदरपुर, कोटेया, अधिनापुर, केवटाली, कसकेला एवं सत्यनगर सहित 17 ग्रामों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांगों, समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए।
शिविर में सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पूर्व में प्राप्त 629 आवेदनों में से 612 मांगों एवं 17 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। वहीं आज आयोजित शिविर में 328 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा लोगों को उनकी समस्याओं का समाधान उनके गांव के निकट उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए और आवेदकों को इसकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा अपने अधिकारों और सुविधाओं के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 100 पौधों का वितरण किया गया। वहीं पात्र हितग्राहियों को 4 नए राशन कार्ड प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 8 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई तथा 8 शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इन आयोजनों ने शिविर को सामाजिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से भी विशेष बना दिया।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया। स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि तथा अन्य विभागों के स्टॉलों पर लोगों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधियों, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।


















