---Advertisement---

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर रेना जमील ने की विभागवार समीक्षा, दिए महत्वपूर्ण निर्देश

Follow Us
Spread the love

खाद वितरण, पेयजल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश

सूरजपुर- कलेक्टर रेना जमील ने समय-सीमा की बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों पर संज्ञान लेते हुए विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

खरीफ फसल के लिए जिले के किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु कलेक्टर जमील ने कृषि, सहकारिता एवं अन्य संबंधित विभागों को खाद के स्टॉक एवं वितरण पर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहकारी समिति के माध्यम से किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद उपलब्ध कराई जाए तथा इस हेतु अधिकारी कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। साथ ही उन्होंने राजस्व अमले एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अनियमित वितरण पर रोक लगाने हेतु धरातल पर लगातार औचक निरीक्षण एवं कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

बैठक में पेयजल जैसी बुनियादी व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जल स्रोतों के संधारण के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचई विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से अंदरूनी बसाहटों वाले क्षेत्रों में हैण्डपंप मरम्मत एवं आवश्यक राईजिंग पाइप लगाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को सहज रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके।

शिक्षा के स्तर को बेहतर करने हेतु शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों का विश्लेषण किया गया। इस दौरान आकांक्षी ब्लॉक प्रतापपुर सहित जिले के विद्यालयों के लिए 100 दिवसीय कार्ययोजना पर चर्चा की गई, ताकि भविष्य में शत-प्रतिशत शैक्षणिक परिणाम प्राप्त करने हेतु सार्थक कदम उठाए जा सकें।

जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कलेक्टर ने राजस्व अमले एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के औचक निरीक्षण के निर्देश दिए। अधिकारी निरीक्षण कर अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों की वस्तुस्थिति का जायजा लेंगे तथा व्यवस्था में सुधार हेतु अपनी निरीक्षण रिपोर्ट में आवश्यक टीप अंकित करेंगे।

बैठक में एग्रीस्टैक, राशन कार्ड पंजीयन, धान उठाव तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रत्येक बिन्दु पर विस्तृत समीक्षा की गई।

इस अवसर पर डीएफओ डीपी साहू, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र पाटले, सर्व एसडीएम सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment