कलेक्टर रेना जमील ने किया रक्तदान
सूरजपुर- विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल सूरजपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी एवं कलेक्टर रेना जमील विशेष रूप से उपस्थित रहीं। शिविर का आयोजन इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी जिला सूरजपुर के सहयोग से किया गया, जिसमें रेडक्रॉस सोसाइटी सूरजपुर के उपाध्यक्ष ओंकार पांडेय सहित अन्य सदस्यों,जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर कलेक्टर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया।
विधायक भूलन सिंह मरावी ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों को किसी प्रकार का भय नहीं रखना चाहिए। रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे कोई नुकसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खराब जीवनशैली एवं रासायनिक पदार्थों के बढ़ते उपयोग का प्रभाव लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। ऐसे में लोगों को जैविक खेती और पौष्टिक खानपान को अपनाने की आवश्यकता है, ताकि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ रक्त का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति का रक्त अनेक लोगों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
विधायक मरावी ने जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया तथा रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह योगदान मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि रक्तदान जीवनदान के समान है। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में जानकारी का अभाव है और कई बार रक्तदाता यह भी नहीं जान पाते कि उनके द्वारा दान किए गए रक्त से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्त का कृत्रिम निर्माण संभव नहीं है, इसलिए समाज में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है, ताकि रक्त के अभाव में किसी भी व्यक्ति की जान न जाए।
कलेक्टर ने कहा कि रक्तदाताओं को समाज में सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इससे न केवल रक्तदाताओं को अपने योगदान का महत्व महसूस होगा, बल्कि अन्य लोग भी प्रेरित होकर रक्तदान के लिए आगे आएंगे। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार की हानि नहीं होती, बल्कि यह मानवता की सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है। यदि हमारा रक्त किसी जरूरतमंद का जीवन बचाता है, तो उससे बढ़कर कोई संतोष नहीं हो सकता।
इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी जिला सूरजपुर के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि समाज के सहयोग के बिना रक्तदान शिविरों का सफल आयोजन संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में लगभग 30 यूनिट रक्त उपलब्ध है, जबकि इसकी भंडारण क्षमता 500 यूनिट की है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि आज भी रक्तदान को लेकर समाज में अनेक भ्रांतियां व्याप्त हैं, जिन्हें जनजागरूकता के माध्यम से दूर करने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने रेड क्रॉस की गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक संसाधनों की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर रेना जमील सहित अनेक लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। साथ ही रक्तदान करने वाले एवं रक्तदान जागरूकता में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व एवं आवश्यकता के प्रति जागरूक किया गया तथा अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की गई।


















