गोवा के मुख्यमंत्री डॉ प्रमोद सावंत और बिहार, तेलंगाना, सिक्किम,अरुणाचलप्रदेश एवं गोवा के पर्यटन मंत्री की उपस्थिति में ये अवॉर्ड छत्तीसगढ़ के पर्यटन, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने ग्रहण किया
सरगुजा/अम्बिकापुर- छत्तीसगढ़ पर्यटन के लिए गौरवपूर्ण क्षण उस समय आया जब गोवा में आयोजित प्रतिष्ठित इंडिया टुडे टूरिज्म समिट एंड अवॉर्ड्स 2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड को “कल्चरल टूरिज्म विनर” अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत सरकार के माननीय केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के करकमलों से प्रदान किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने राज्य की ओर से यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड ग्रहण किया।
इस अवसर पर आयोजित विशेष सत्र में माननीय पर्यटन मंत्री छत्तीसगढ़ शासन राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के माननीय अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग छत्तीसगढ़ शासन के सचिव डॉक्टर एस भारतीदासन और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने पैनल डिस्कशन *“हिडन इंडिया उभरते पर्यटन गंतव्य किस प्रकार घरेलू पर्यटन विकास को गति दे रहे हैं”* में छत्तीसगढ़ पर्यटन की उपलब्धियों, संभावनाओं और नवाचारों पर अपने विचार व्यक्त किए.. इस पैनल चर्चा को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।
यह अवॉर्ड छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास, पर्यटन स्थलों के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों का प्रमाण है।।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा राज्य की लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, कला, हस्तशिल्प, लोक उत्सवों एवं सांस्कृतिक धरोहरों को पर्यटन से जोड़ने के लिए निरंतर अभिनव पहल की जा रही है।
राज्य में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न नवाचारों पर भी कार्य किया जा रहा है। इनमें सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित करना, पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाओं का विकास तथा पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की अनूठी संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराना प्रमुख हैं।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा कल्चरल टूरिज्म को प्रोत्साहित करने और पर्यटकों को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों को इस महत्वपूर्ण और गौरवमयी सम्मान से नई ऊर्जा और गति मिलेगी।।
इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ राज्य को देश के प्रमुख सांस्कृतिक पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ पर्यटन परिवार, पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों तथा प्रदेशवासियों में हर्ष का वातावरण है।।
यह सम्मान छत्तीसगढ़ राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि, पर्यटन संभावनाओं और पर्यटन विकास के प्रति सरकार एवं छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर मिला महत्वपूर्ण सम्मान है।
























