---Advertisement---

विद्यालय खुलने के साथ पालक-बालक संपर्क अभियान प्रारंभ

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- नवीन शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने के साथ ही विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी अवधेश साहू के मार्गदर्शन में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतरापाली द्वारा पालक-बालक संपर्क अभियान शुरू किया गया। इस अभियान के तहत विद्यालय के शिक्षकों ने दो समूहों में गांव के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण कर पालकों से संपर्क किया तथा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।

संपर्क अभियान में शिक्षक अनिता सिंह, अंजली कंवर, योगेश साहू एवं रघुनाथ जायसवाल शामिल रहे।

शिक्षकों ने घर-घर पहुंचकर पालकों को विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी। शिक्षक योगेश साहू ने पालकों को बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, मध्यान्ह भोजन, छात्रवृत्ति, पुस्तकालय सुविधा, खेल सामग्री तथा व्यावसायिक शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही अनुभवी शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य कराया जाता है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। शिक्षकों ने पालकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को प्रथम दिवस से ही नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो और वे शैक्षणिक गतिविधियों का पूरा लाभ प्राप्त कर सकें। संपर्क के दौरान कई पालकों ने विद्यालय एवं शिक्षा से जुड़ी अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी शिक्षकों के समक्ष रखे। शिक्षकों ने उनकी समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।

विद्यालय परिवार ने कहा कि पालकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय से बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा विद्यार्थियों का शैक्षणिक, सामाजिक और नैतिक विकास और अधिक सुदृढ़ होगा।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment