पीड़िता की शिकायत पर थाना पटना पुलिस ने दिखाई मुस्तैदी, आरोपी न्यायिक रिमांड में
कालिख पोतने, बाल काटने और जबरन पेशाब पिलाने जैसी बर्बरता पर पुलिस का कड़ा कानूनी चाबुक
कोरिया/पटना- पुलिस अधीक्षक जिला कोरिया के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पटना पुलिस द्वारा महिला के साथ मारपीट, अमानवीय एवं अपमानजनक व्यवहार करने वाले आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 167/2026 अंतर्गत धारा 123, 85, 351 (2).296, भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी जितेन्द्र घसिया पिता स्वर्गीय कवल साय, निवासी ग्राम रूनियाडीह, थाना विश्रामपुर, जिला सूरजपुर (छ.ग.) द्वारा प्रार्थिया के साथ मारपीट की गई, अश्लील गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी द्वारा प्रार्थिया के सिर के बाल कैंची एवं ब्लेड से काटकर उसे अपमानित किया गया तथा उसके साथ अत्यंत आपत्तिजनक एवं अमानवीय व्यवहार किया गया।
रिपोर्ट प्राप्त होते ही थाना पटना पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को घेराबंदी कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी उपरांत आरोपी से पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की गई तथा उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
थाना पटना पुलिस द्वारा प्रकरण में त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया गया। मामले में अग्रिम वैधानिक विवेचना एवं आवश्यक कार्रवाई जारी है।



















