आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण व्यवस्था एवं विकास कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दिए सख्त निर्देश
बसोर बस्ती पहुंच, संवेदनशीलता के साथ सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
भैयाथान निरीक्षण में पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को शिक्षा से जोड़ने एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया जोर
सूरजपुर- कलेक्टर रेना जमील ने भैयाथान विकासखंड के विभिन्न ग्रामों एवं शासकीय संस्थानों का सघन निरीक्षण कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण व्यवस्था तथा विकास कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र हितग्राही तक सुनिश्चित रूप से पहुंचना चाहिए।
कलेक्टर ने सर्वप्रथम ग्राम पंचायत मसिरा के पनिका पारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे गर्म भोजन, टेक होम राशन (टीएचआर) के वितरण, साफ-सफाई व्यवस्था तथा बालवाड़ी विकास गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को पोषणयुक्त आहार के रूप में हरी सब्जियां एवं भाजी नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित पोषण अनिवार्य है। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित सीसी रोड का भी निरीक्षण किया।
मनरेगा अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पौधारोपण, कंटूर ट्रेंच निर्माण एवं फलदार पौधों के रोपण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मिट्टी की गुणवत्ता के अनुरूप पौधों का चयन कर वैज्ञानिक पद्धति से कार्ययोजना तैयार करें, ताकि बेहतर एवं टिकाऊ प्लांटेशन सुनिश्चित हो सके।
इसके पश्चात कलेक्टर जमील ने समौली ग्राम पहुंचकर बसोर समुदाय की महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने शत-प्रतिशत बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनाने तथा पात्र परिवारों के राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रमिक कार्ड, आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सीएससी शिविर आयोजित कर विभिन्न आवश्यक दस्तावेजों का निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए उनका अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर स्वरोजगार की गतिविधियों में शामिल होने का आह्वान किया।
शिक्षा के प्रति विशेष संवेदनशीलता दर्शाते हुए कलेक्टर ने बस्ती के पढ़ाई छोड़ चुके विद्यार्थियों सहित सभी बच्चों को पुनः शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। छात्रावास में प्रवेश के इच्छुक बच्चों की रुचि देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी बच्चों का शीघ्र प्रवेश सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने भिक्षावृत्ति एवं इस प्रकार के कार्यों में संलग्न महिलाओं को समझाइश देते हुए मनरेगा एवं स्व-सहायता समूह जैसी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की राह अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान कलेक्टर द्वारा पात्र हितग्राहियों को जन्म प्रमाण पत्र एवं आयुष्मान कार्ड का वितरण भी किया गया। समौली में आयोजित मेडिकल कैंप का अवलोकन करते हुए उन्होंने लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था का जायजा लिया तथा सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान का निरीक्षण कर प्रसव कक्ष, महिला वार्ड, ओपीडी एवं एनबीएसयू वार्ड सहित अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने प्रसव मामलों, चिकित्सकों की उपलब्धता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण कर उन्होंने वहां भर्ती बच्चों की माताओं से चर्चा की तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने माताओं को बच्चों के पोषण एवं देखभाल संबंधी आवश्यक सलाह देते हुए चिकित्सकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा बच्चों के घर लौटने के पश्चात भी पोषणयुक्त आहार जारी रखने की समझाइश दी।
निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर रेना जमील ने पासल स्थित हाइड्रो पावर प्लांट का अवलोकन किया तथा प्लांट की कार्यप्रणाली, विद्युत उत्पादन क्षमता एवं संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर एसडीएम भैयाथान, जनपद सीईओ भैयाथान, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


















