आईजी को सौंपा ज्ञापन, दोषियों को कड़ी सजा और निष्पक्ष जांच की उठी मांग
अंबिकापुर जिला कोरिया के ग्राम नौगाई में हुए बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग तेज हो गई है। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को ज्ञापन सौंपकर मामले की सीबीआई जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। महासभा ने घटना को सुनियोजित और जघन्य अपराध बताते हुए उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर बल दिया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम नौगाई, थाना सोनहत क्षेत्र में हुई इस दर्दनाक घटना में भरत सिंह उर्फ लल्ला, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की मौत हो गई, जबकि मयंक सिंह एवं केंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आरोप है कि हमलावरों ने पहले रास्ता अवरुद्ध किया, फिर वाहन में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी और उसके बाद घातक हथियारों से हमला किया। इस निर्मम वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है तथा लोगों में भय, आक्रोश और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।
महासभा ने अपने ज्ञापन में पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी अथवा विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराने की मांग की है। साथ ही जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है। घटना स्थल से जब्त वाहनों, उनसे जुड़े व्यक्तियों की भूमिका तथा संभावित षड्यंत्र के सभी पहलुओं की गहन जांच कराने की मांग भी उठाई गई है।
ज्ञापन में पीड़ित परिवारों एवं महत्वपूर्ण गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, जांच की प्रगति की नियमित जानकारी सार्वजनिक करने तथा स्थानीय प्रभाव को देखते हुए आरोपियों को आवश्यकता अनुसार अन्यत्र स्थित उपयुक्त कारागार अथवा सेंट्रल जेल में स्थानांतरित करने की मांग भी की गई है।
आईजी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के साथ समाज के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजजन मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि नौगाई हत्याकांड केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था और न्याय प्रणाली में जनता के विश्वास से जुड़ा गंभीर विषय है।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। साथ ही सीबीआई जांच की मांग के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई किए जाने की बात भी कही।
क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजपूत समाज पूरी एकजुटता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच पूरी नहीं होती और सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर व्यापक जनआंदोलन भी किया जाएगा।
महासभा ने दोहराया कि नौगाई हत्याकांड केवल अपराध का मामला नहीं, बल्कि न्याय और कानून व्यवस्था में जनता के विश्वास की परीक्षा है। समाज ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को दंड और पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।





















