---Advertisement---

विधिक जागरूकता शिविर में विद्यार्थियों को मिला कानून, साइबर सुरक्षा और करियर मार्गदर्शन का ज्ञान

Follow Us
Spread the love

डिजिटल अपराधों से बचाव, मनी म्यूल के खतरे, यातायात नियमों एवं निःशुल्क विधिक सहायता की दी गई विस्तृत जानकारी

सूरजपुर- जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर विनीता वार्नर तथा सचिव पायल टोपनों के कुशल मार्गदर्शन में इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, औद्योगिक एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण केन्द्र, कॉलेज रोड, सूरजपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी हिमांशु पण्डा ने विद्यार्थियों को सरल एवं व्यवहारिक भाषा में कानून के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से मनी म्यूल के बढ़ते खतरे पर प्रकाश डालते हुए बताया कि साइबर ठग विद्यार्थियों एवं बेरोजगार युवाओं को लालच देकर उनके बैंक खातों का उपयोग अवैध लेन-देन के लिए करते हैं, जिससे खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन दस्तावेजों की अनिवार्यता तथा हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

न्यायाधीश पण्डा ने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आर्थिक या अन्य किसी कारण से कोई भी नागरिक न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता, अधिवक्ता की सुविधा तथा लोक अदालतों के माध्यम से त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जाता है।

कार्यक्रम में पैरा लीगल वॉलेंटियर सत्य नारायण ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी देते हुए बताया कि इस नंबर पर संपर्क कर कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति घर बैठे निःशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता प्राप्त कर सकता है।

इस अवसर पर न्यायाधीश हिमांशु पण्डा ने विद्यार्थियों को कानून, न्यायपालिका एवं प्रशासनिक सेवाओं में उपलब्ध करियर के अवसरों की भी जानकारी दी। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं करियर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल उदाहरणों के माध्यम से संतोषजनक उत्तर दिया।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के चेयरपर्सन अवधेश साहू ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment