---Advertisement---

प्रतापपुर में आकार ले रहा आधुनिक एकलव्य आवासीय विद्यालय, इस वर्ष पूरा होगा निर्माण कार्य

Follow Us
Spread the love

28 करोड़ की लागत से बन रहा अत्याधुनिक शिक्षा परिसर।

अगले शैक्षणिक सत्र से छात्रों को मिल सकती है सुविधा।

सूरजपुर/प्रतापपुर- विकासखंड में निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य तेज गति से अंतिम चरण में पहुंच गया है। लंबे समय से किराए के भवन में संचालित हो रहे विद्यालय को जल्द ही अपना आधुनिक, विशाल एवं सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त स्थायी परिसर मिलने जा रहा है। लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहा यह परिसर आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का नया केंद्र बनेगा। निर्माण एजेंसी के अनुसार भवन का कार्य इसी वर्ष पूर्ण कर छात्रों को समर्पित करने की तैयारी है, जबकि अगले शैक्षणिक सत्र से यहां नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू होने की संभावना है। करीब 1 लाख 10 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में विकसित हो रहे इस परिसर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित शैक्षणिक भवन, छात्रावास, मेस, स्टाफ रूम, प्राचार्य कक्ष, वार्डन कक्ष, एसएस भवन, गार्ड रूम, बाउंड्रीवाल, आंतरिक सड़कें, नाली एवं स्ट्रीट लाइट जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार की जा रही हैं। निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित प्राक्कलन के अनुरूप तेजी से आगे बढ़ रहा है। विद्यालय परिसर को केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, रनिंग ट्रैक, आर्चरी सहित विभिन्न खेलों की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा ओपन ऑडिटोरियम, मंच, हर्बल गार्डन और पार्क का भी निर्माण प्रस्तावित है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों का भी लाभ मिलेगा।

जिले के अन्य प्रोजेक्ट में सबसे आगे प्रतापपुर का निर्माण कार्य।

जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले में निर्माणाधीन एकलव्य आवासीय विद्यालयों में प्रतापपुर परियोजना की प्रगति सबसे बेहतर मानी जा रही है। परिसर की भव्यता, निर्माण गुणवत्ता और कार्य की रफ्तार क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। अधिकारियों और निर्माण एजेंसी का कहना है कि यदि कार्य इसी गति से चलता रहा तो वर्ष के अंत तक पूरा परिसर तैयार हो जाएगा और आगामी सत्र से विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलने लगेगा।

अधिकारियों की सतत निगरानी में हो रहा निर्माण

निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। सरगुजा संभाग के आयुक्त एवं सूरजपुर कलेक्टर के निर्देश पर विभिन्न अधिकारियों की बनी समितियां नियमित रूप से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर रही हैं। डिप्टी कमिश्नर सरगुज, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रतापपुर, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण विकास सरगुजा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सूरजपुर, कार्यपालन अभियंता लोनीवि सूरजपुर, सहायक अभियंता लोनीवि व आरईएस एवं उप अभियंताओ सहित अन्य अधिकारी समय-समय पर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं, ताकि भवन निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप समय पर तैयार हो सके। आदिवासी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह परियोजना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह विद्यालय शिक्षा, खेल और व्यक्तित्व विकास का नया केंद्र बनकर प्रतापपुर सहित पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगा।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment