---Advertisement---

खड़गवां में जागरूकता शिविर: साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति का दिया गया संदेश

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- जिले के खड़गवां क्षेत्र में जिला प्रशासन सूरजपुर एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व चौकी प्रभारी सरफराज फिरदौसी ने किया। शिविर का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन तथा नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में प्रतापपुर विधायक तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा शामिल हुईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए ऑनलाइन लेन-देन और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्कता बरतना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रतापपुर के एसडीएम ने सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों और नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों से जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।

जनजागरूकता अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों का प्रभावशाली मंचन किया गया। वहीं साइबर ठगी की शिकार एक महिला ने अपनी आपबीती साझा करते हुए लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए, जिससे उपस्थित लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य के साथ हुआ। सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों का मन मोह लिया।

चौकी प्रभारी सरफराज फिरदौसी ने यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशामुक्त जीवन और साइबर सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई तथा स्वयं जागरूक रहने के साथ समाज को भी सुरक्षित रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्रतापपुर विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, शक्कर कारखाना के पूर्व अध्यक्ष विद्यासागर आयाम, सुरेश चक्रधारी, एसडीओपी प्रतापपुर, थाना प्रभारी प्रतापपुर नरेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी सरफराज फिरदौसी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment