सूरजपुर- कृषक उन्नति योजना किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना से प्राप्त प्रोत्साहन राशि का उपयोग किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार के बेहतर भविष्य के निर्माण में भी कर रहे हैं।
इसी कड़ी में सोहागपुर ग्राम के किसान रमेश सिंह पिता स्वर्गीय धर्मपाल सिंह कृषक उन्नति योजना से लाभान्वित हुए हैं। गोड़ जनजाति से संबंध रखने वाले रमेश सिंह के पास लगभग 10 हेक्टेयर कृषि भूमि है। उन्होंने वर्ष 2025-26 में 255 क्विंटल धान का विक्रय किया, जिसके एवज में उन्हें योजना के तहत 1,86,405 रुपये की बोनस राशि प्राप्त हुई।
रमेश सिंह बताते हैं कि बोनस राशि का उपयोग उन्होंने उन्नत किस्म के बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों की खरीद में किया है, जिससे खेती की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में सुधार हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा एवं परिवार के स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर भी इस राशि का उपयोग किया है।
रमेश सिंह का कहना है कि कृषक उन्नति योजना से मिली बोनस राशि ने उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया है। अब वे आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाते हुए बेहतर खेती कर रहे हैं और परिवार का जीवन स्तर भी पहले की अपेक्षा अधिक बेहतर हुआ है। उन्होंने राज्य शासन की इस योजना को किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए इसके लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


















