80 प्रतिशत दिव्यांगता से जूझ रहे परशुराम के चेहरे पर लौटी मुस्कान, आज जनदर्शन में प्राप्त हुए कुल 85 आवेदन
सूरजपुर- जिला प्रशासन ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जनदर्शन एक प्रभावी एवं भरोसेमंद मंच है। कलेक्टर द्वारा प्रत्येक सोमवार को आयोजित जनदर्शन में आज कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसी क्रम में विकासखंड प्रतापपुर के ग्राम बगडा कोटेया निवासी दिव्यांग परशुराम तिवारी को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राई साइकल उपलब्ध कराई गई, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीद का संचार हुआ है।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार परशुराम तिवारी 80 प्रतिशत दिव्यांगता की श्रेणी में आते हैं, जिसके कारण उन्हें चलना-फिरना बाधित था। वे बड़ी उम्मीद लेकर जनदर्शन में पहुंचे तथा कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर मोटराइज्ड ट्राई साइकल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। आवेदन प्राप्त होते ही कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को समझते हुए समाज कल्याण विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिस पर विभाग द्वारा बिना किसी अनावश्यक विलंब के उन्हें निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राई साइकल उपलब्ध करा दी गई।
सहायता प्राप्त होने पर परशुराम तिवारी ने जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें आवागमन तथा सामान्य जीवन जीने में काफी सुविधा होगी।
समाज कल्याण विभाग के उप संचालक आलोक भवाल ने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पात्र दिव्यांगजन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सहायक उपकरणों का लाभ लेकर अपने जीवन को अधिक आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक बना सकते हैं।


















