सूरजपुर- जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित सार्थक आवासीय वॉलीबॉल अकादमी का निरीक्षण कलेक्टर रेना जमील ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अकादमी में संचालित खेल गतिविधियों, वॉलीबॉल कोर्ट निर्माण कार्य तथा बालक छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण सूरजपुर, रामश्रृंगार यादव (वॉलीबॉल संघ के सचिव), कार्यपालन अभियंता पवित्रा प्रधान (हाउसिंग बोर्ड), राजनाथ गुप्ता (नेशनल रेफरी), बलवीर सिंह एवं आशीष उपस्थित रहे।
कलेक्टर रेना जमील ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि आगामी 29 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस से पूर्व वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बालक खिलाड़ियों के आवास हेतु छात्रावास का भी निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए गुणवत्तापूर्ण खेल अधोसंरचना विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सार्थक आवासीय वॉलीबॉल अकादमी से प्रशिक्षित खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और सूरजपुर जिले का नाम रोशन करेंगे। साथ ही उन्होंने जिले में खेल संस्कृति के विकास एवं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने पर बल दिया।


















