---Advertisement---

रामेश्वर नगर पहुंच कलेक्टर ने किया समूह जल प्रदाय योजना का निरीक्षण

Follow Us
Spread the love

बांगो बांध के टेल इंड में निर्माणाधीन फ्लोटिंग पोन्टून एवं महेशपुर में 20 एमएलडी क्षमता के जल शोधन संयंत्र के प्रगतिरत कार्यों का किया अवलोकन

अभियंताओं को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

सूरजपुर- कलेक्टर रेना जमील द्वारा आज जिला सूरजपुर में जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत स्वीकृत रामानुजनगर – प्रेमनगर – नवगई समूह जल प्रदाय योजना के प्रगतिरत कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान कलेक्टर ने योजना अंतर्गत स्वीकृत समस्त अवयवों की बारीकी से समीक्षा करते हुए कार्यों को शीघ्र अतिशीघ्र पूर्ण किये जाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर जमील ने विकासखण्ड प्रेमनगर के ग्राम रामेश्वरनगर में बांगो बांध के टेल इंड में निर्माणाधीन फ्लोटिंग पोन्टून के कार्यों का अवलोकन किया। इसके पश्चात ग्राम महेशपुर में निर्माणाधीन 20.00 एम.एल.डी. क्षमता के जल शोधन संयंत्र (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) के प्रगतिरत कार्यों का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित संबंधित अभियंताओं से अब तक पूर्ण किये गए कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली एवं यह भी जाना कि योजना को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए किन-किन विभागों के साथ समन्वय की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य में गति लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएचई के कार्यपालन अभियंता एवं संबंधित ठेकेदार को योजना के समस्त कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) रामानुजनगर, कार्यपालन अभियंता खंड सूरजपुर, सहायक अभियंता उपखण्ड सूरजपुर, उप अभियंता विकासखण्ड प्रेमनगर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment