सूरजपुर/बसदेई- सूरजपुर जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र में जमीन विवाद का मामला अब सोशल मीडिया तक पहुंच गया है। ग्राम बांसापारा में एक व्यक्ति द्वारा हाथ में तलवार लहराकर धमकी देने का कथित वीडियो वायरल हो रहा है। इसी मामले में पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296(बी), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम गंगोटी कुम्हारपारा निवासी बाबी देवांगन ने आरोप लगाया है कि उसके चाचा ससुर लक्ष्मण देवांगन ने जमीन विवाद को लेकर 9 जुलाई 2026 को खेत में पहुंचकर हाथ में लोहे की तलवार लहराई, सार्वजनिक रूप से गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में बताया गया है कि ग्राम बांसापारा में उसके पुत्र दीपक देवांगन के नाम लगभग 47 डिसमिल भूमि दर्ज है, जिसका सीमांकन 15 जून 2026 को राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कराया गया था। इसके बावजूद आरोपी कथित रूप से जमीन पर अपना अधिकार जताते हुए खेती कर रहा है।
महिला का कहना है कि घटना के समय वह अपनी बेटी उषा और बेटे सुमित के साथ ट्रैक्टर से खेत में जुताई-बुवाई के लिए पहुंची थी। उसी दौरान आरोपी अपनी पत्नी के साथ वहां आया और कथित रूप से तलवार लहराते हुए कहा कि यह पूरी जमीन उसकी है तथा जो भी इस जमीन पर कदम रखेगा उसे जान से मार देगा।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ अभद्र गाली-गलौच भी की, जिससे वह और उसका परिवार भयभीत हैं।
पुलिस जांच के दौरान वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
चौकी बसदेई पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बसदेई चौकी प्रभारी से फोन पर हुई बातचीत के अनुसार, मामले में आर्म्स एक्ट और बीएनएस (BNS) के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है, परंतु अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस टीम मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है।
नोट: यदि वीडियो वास्तव में इसी घटना का है, तो यह पुलिस जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है।













