किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने प्रशासन द्वारा की जा रही है विशेष निगरानी
सूरजपुर- खरीफ मौसम 2026 के दौरान किसानों को निर्धारित दर पर समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी, टैगिंग, अधिक कीमत पर बिक्री एवं पीओएस मशीन में अनियमितता जैसी शिकायतों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में ‘‘उर्वरक विक्रय-सतर्कता अभियान‘‘ संचालित किया जा रहा है।
संचालनालय कृषि, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर के निर्देशानुसार यह अभियान 01 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन, रविवार सहित, प्रातः 10ः00 बजे से शाम 5ः00 बजे तक अथवा स्टॉक समाप्त होने तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत यूरिया, डीएपी, एनपीके, एमओपी एवं एसएसपी सहित विभिन्न उर्वरकों की बिक्री निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जा रही है।
उप संचालक कृषि, सूरजपुर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले के कृषि विस्तार अधिकारियों एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की ड्यूटी विभिन्न निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों में लगाई गई है। ये अधिकारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर उर्वरक स्टॉक का सत्यापन, विक्रय प्रक्रिया की निगरानी, निर्धारित दर पर बिक्री सुनिश्चित करने, टैगिंग जैसी अनियमितताओं पर नियंत्रण तथा संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करेंगे।
कृषि विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किसानों को सहज एवं पारदर्शी व्यवस्था के तहत गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी रोक लगाना है, जिससे खरीफ फसलों के लिए समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।














