---Advertisement---

शासकीय महाविद्यालय में वायुसेना भर्ती कार्यशाला संपन्न

Follow Us
Spread the love

विद्यार्थियों को मिला उज्ज्वल कैरियर का मार्गदर्शन, अग्निवीर वायु सेना सहित विभिन्न भर्ती योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

सूरजपुर- जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, सूरजपुर द्वारा आज शासकीय रेवती रमण मिश्र महाविद्यालय/पॉलिटेक्निक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सूरजपुर में वायुसेना भर्ती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में भारतीय वायु सेना मुख्यालय भोपाल (म.प्र.) के अधिकारी राजीव खटाना एवं योगेश बेलवाल द्वारा विद्यार्थियों को भारतीय वायु सेना में उपलब्ध रोजगार एवं कैरियर के अवसरों, भर्ती प्रक्रिया तथा आवश्यक योग्यताओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को इस दिशा में विशेष कैरियर मार्गदर्शन एवं जागरूकता प्रदान करना था।

कार्यक्रम में वायु सेना के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को भारतीय वायु सेना की गौरवशाली परंपरा, राष्ट्र की सुरक्षा में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका तथा अनुशासन, समर्पण और देशसेवा के मूल्यों से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय वायु सेना युवाओं को सम्मानजनक कैरियर, आधुनिक तकनीक के साथ कार्य करने का अवसर, उत्कृष्ट प्रशिक्षण तथा उज्ज्वल भविष्य प्रदान करती है।

कार्यशाला के दौरान अग्निवीर वायु सेना सहित अन्य भर्ती योजनाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि भर्ती के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक एवं चिकित्सीय मानक, लिखित परीक्षा, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, शारीरिक दक्षता, दस्तावेज़ सत्यापन तथा मेडिकल परीक्षण जैसी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करना होता है।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि गणित, विज्ञान एवं अंग्रेज़ी विषयों की अच्छी तैयारी, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, आधिकारिक अधिसूचनाओं पर नज़र रखने तथा केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन करने की सलाह दी।

कार्यशाला के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने भर्ती प्रक्रिया, प्रशिक्षण, वेतन, सेवा अवधि, पदोन्नति, उच्च शिक्षा के अवसर तथा भविष्य की संभावनाओं से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। अधिकारियों ने सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर देते हुए विद्यार्थियों को भारतीय वायु सेना में शामिल होकर राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

इस कार्यशाला से विद्यार्थियों में भारतीय वायु सेना के प्रति उत्साह एवं जागरूकता में वृद्धि हुई तथा उन्हें अपने कैरियर के संबंध में महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई। ऐसे आयोजन युवाओं को सही मार्गदर्शन प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

Leave a Comment