उन्नत अस्थि चिकित्सा सेवाएं अब जिले में ही उपलब्ध, मरीजों को नहीं करना पड़ेगा बड़े शहरों का रुख
जटिल शल्यक्रियाओं की सफलता से आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही सुलभ होगा गुणवत्तापूर्ण उपचार
सूरजपुर- जिला चिकित्सालय सूरजपुर ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अब तक 6 टोटल हिप रिप्लेसमेंट (टीएचआर) ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किए हैं। इन जटिल शल्यक्रियाओं की सफलता से जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अब उन्नत अस्थि चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं, जिससे उन्हें उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
यह उपलब्धि सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैकरा व सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में प्राप्त हुई है। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय साहू एवं डॉ. अमन गुप्ता द्वारा इन ऑपरेशनों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया, जबकि एनेस्थीसिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी डॉ. विकास भगत एवं डॉ. अनिल कुमार ने कुशलतापूर्वक निभाई।
ऑपरेशन की सफलता में नर्सिंग एवं सहयोगी स्टाफ का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। इसमें नर्सिंग सिस्टर तारा सिंह, ओटी इंचार्ज नवीदा परवीन, स्टाफ नर्स दीप्ति निशा, सीमा देवांगन एवं मयंक राजवाड़े, ओटी टेक्नीशियन बोधन राजवाड़े, ओटी अटेंडेंट सुखलाल राम तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सागर रवि एवं भीख साय की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
ऑपरेशन के पश्चात सभी मरीज – इंद्रजीत, लल्लू राम, संतोष, टेकराम एवं जोखा राम -पूर्णतः स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकीय निगरानी में तेजी से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। जिला चिकित्सालय सूरजपुर में टीएचआर जैसी उन्नत शल्य चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार अपने ही जिले में सुलभ हो सकेगा, जिससे उनका समय एवं धन दोनों की बचत होगी।
इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैकरा ने पूरी चिकित्सा टीम, नर्सिंग स्टाफ एवं सहयोगी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय सूरजपुर में भविष्य में भी आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार निरंतर किया जाता रहेगा, ताकि जिलेवासियों को बेहतर से बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकें।


















