पहले ही दिन 4793 हितग्राहियों ने उठाया शिविर का लाभ
शिविर में पहुंचे आयुष्मान, आधार, आभा आईडी सहित विभिन्न सेवाओं के हितग्राही
सूरजपुर- छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम छोर तक के प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार जिलेभर में 16 से 18 जुलाई 2026 तक तीन दिवसीय वृहद शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों में आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान वय वंदन कार्ड, आधार कार्ड, एग्री स्टेक किसान पंजीयन, श्रमिक केवाईसी तथा विद्यार्थियों के लिए अपार आईडी सहित विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अभियान के प्रथम दिवस जिले के सभी विकासखंडों में निर्धारित स्थलों पर संबंधित विभागों द्वारा सुव्यवस्थित रूप से शिविर आयोजित किए गए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वित रूप से उपस्थित होकर हितग्राहियों का पंजीयन एवं आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कराते हुए सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविरों में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम दिवस शाम 5 बजे तक की स्थिति में 2,100 आयुष्मान कार्ड, 339 आयुष्मान वय वंदन कार्ड तथा 2,100 आभा आईडी कार्ड बनाए गए। इसके अतिरिक्त 254 हितग्राहियों का आधार नामांकन भी किया गया। अन्य विभागों द्वारा भी एग्रीस्टेक किसान पंजीयन, श्रमिक केवाईसी एवं अपार आईडी निर्माण की प्रक्रिया निरंतर जारी रही।
कलेक्टर रेना जमील ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 18 जुलाई तक अपने निकटतम शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक हितग्राही को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सेवाएं उपलब्ध कराई जाए, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनहितकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।


















