---Advertisement---

सुब्रतो मुखर्जी कप अंडर-17 बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में सूरजपुर की बेटियों का शानदार प्रदर्शन

Follow Us
Spread the love

संभाग स्तर पर स्वर्ण एवं राज्य स्तर पर रजत पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

दोहरे पदक अपने नाम कर बालिकाओं ने एक बार फिर मनवाया प्रतिभा का लोहा

सूरजपुर- कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में सुब्रतो मुखर्जी कप अंडर-17 वर्ष बालिका शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 में सूरजपुर जिले की बेटियों ने खेल के मैदान पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया है। इस प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग में सूरजपुर की टीम ने दोहरे पदक अपने नाम कर एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट में कड़े मुकाबले के बीच सूरजपुर की बालिकाओं ने संभाग स्तर पर अद्वितीय प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। संभाग स्तर पर मिली इस शानदार जीत के पश्चात टीम का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ, जहाँ बालिकाओं ने अपने विजयी अभियान को आगे बढ़ाया।
राज्य स्तर पर आयोजित कड़ी स्पर्धाओं में भी सूरजपुर की बालिकाओं का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। फाइनल के रोमांचक मुकाबले में टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का गौरव प्राप्त किया और सम्मानजनक रजत पदक अपने नाम किया।

इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी लता बैक, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी सूरजपुर शरदेन्दु कुमार शुक्ल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रेमनगर प्रताप सिंह पैकरा, कोच रावेन्द्र वर्मा एवं टीम मैनेजर विमल डुंगडुंग ने बालिकाओं को बधाई देते हुए उनके समर्पण, परिश्रम एवं अनुशासन की सराहना की।

इसी क्रम में विजयी टीम की खिलाड़ियों ने कलेक्टर रेना जमील से मुलाकात की। कलेक्टर ने बालिकाओं को उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं दोहरी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने बालिकाओं के समर्पण, परिश्रम एवं खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि जिले की बेटियों की यह उपलब्धि समस्त जिलेवासियों के लिए गर्व का विषय है। इस अवसर पर उन्होंने बालिकाओं को निरंतर परिश्रम एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ते हुए भविष्य में जिले एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment