---Advertisement---

आपदा से बचाव के लिए केनापारा पोखरी में बाढ़ बचाव दल ने किया मॉक ड्रिल

Follow Us
Spread the love

कलेक्टर रेना जमील ने लोगों से सतर्कता बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की

सूरजपुर- संभावित प्राकृतिक आपदाओं के दौरान त्वरित एवं प्रभावी राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत केनापारा स्थित पोखरी में बाढ़ बचाव एवं अग्निशमन दल द्वारा कलेक्टर रेना जमील की उपस्थिति में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में किए जाने वाले राहत एवं बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास किया गया।

अभ्यास के दौरान आपदा प्रबंधन दल को एक व्यक्ति के पोखरी में डूबने की काल्पनिक सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही दल ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मोटरबोट, गोताखोरों एवं आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल पहुंचकर राहत अभियान प्रारंभ किया। निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने सफलतापूर्वक डूब रहे व्यक्ति का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस दौरान दल द्वारा आपदा प्रबंधन में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न उपकरणों के संचालन एवं उनकी उपयोगिता की भी जानकारी दी गई।

मॉक ड्रिल के दौरान विशेषज्ञों ने उपस्थित नागरिकों को बताया कि आपदा की स्थिति में घर में उपलब्ध सामान्य संसाधनों का उपयोग कर किस प्रकार प्रारंभिक स्तर पर स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा की जा सकती है। साथ ही आपदा के समय सतर्कता, संयम और सही निर्णय के महत्व से भी अवगत कराया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि आपदा के समय नागरिकों की सावधानी ही उनकी सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने बताया कि जिले में संभावित बाढ़ एवं अन्य आपदाओं से निपटने के लिए बाढ़ बचाव दल की तैनाती की गई है तथा नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों, तालाबों, पर्यटन स्थलों एवं झरनों के समीप अनावश्यक रूप से जाने तथा सेल्फी लेने से बचने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी-सी सावधानी किसी भी अप्रिय घटना से बचाव का प्रभावी माध्यम बन सकती है। इस अवसर पर जिला पंचयात के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले, जिला सेनानी संजय गुप्ता, एसडीएम शिवानी जायसवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।

स्थापित हुआ आपदा नियंत्रण कक्ष- मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए संयुक्त जिला कार्यालय, सूरजपुर में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 07775-266116 है तथा इसके नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा हैं। किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम में देकर प्रशासन का सहयोग करें।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment