सूरजपुर- जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित मारपीट और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित वरिष्ठ विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को जिला मुख्यालय सूरजपुर में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए छात्र आंदोलन पर बल प्रयोग और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताया।
जिला कांग्रेस महामंत्री संजय डोशी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पुराने रेस्ट हाउस से रैली की शक्ल में निकले। कार्यकर्ता छात्रों के साथ अन्याय बंद करो, मोदी इस्तीफा दो, मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी और “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” जैसे नारे लगाते हुए अग्रसेन चौक पहुंचे। यहां पुलिस बल की मौजूदगी के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
जिला कांग्रेस महामंत्री संजय डोशी ने कहा कि जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ कथित मारपीट और उनके समर्थन में पहुंचे राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी सहित विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य और रोजगार की लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार उसकी आवाज सुनने के बजाय दमन और गिरफ्तारी का रास्ता अपना रही है। कांग्रेस इस तानाशाही के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। छात्रों पर कथित बल प्रयोग और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी से केंद्र सरकार की असहिष्णु मानसिकता उजागर हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के युवाओं, किसानों और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी तथा अन्याय के खिलाफ उसकी लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
प्रदर्शन में कांग्रेस नेता इस्माईल खान, संजू श्रीवास्तव, वेदप्रकाश मिश्रा, केबी सिंह, परमेश्वर राजवाड़े, सुनील सारथी, अंशुल गोयल, आशीष यादव, संजीत सिंह, लखनलाल कुर्रे, राजकुमार रवि, संजय सोनी, विक्की समद्दार, मेही साहू, बिहारी कुलदीप, लिली राजवाड़े, समीर सिंह, कवलबिहारी सिंह, रोहन राजवाड़े, शांतनू डोशी, मासूम इराकी, अजीत यादव, अजय सोनवानी, अरवीना, खुशी, अनूप गुप्ता, अभय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बड़े आंदोलन में फिर दिखी संगठन की सुस्ती, कई ब्लॉक अध्यक्ष रहे नदारद
प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित इस महत्वपूर्ण प्रदर्शन में एक बार फिर सूरजपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के कई ब्लॉक अध्यक्षों तथा पदाधिकारियों की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। कार्यकर्ताओं के बीच यह सवाल उठता रहा कि पार्टी के प्रमुख आंदोलनों में लगातार एक गुट विशेष से जुड़े वरिष्ठ नेताओं का दूरी बनाए रखना संगठनात्मक एकजुटता पर सवाल खड़े कर रहा है। राजनीतिक गलियारों में भी यह चर्चा रही कि यदि ऐसी स्थिति बनी रही तो आगामी कार्यक्रमों और संगठन की सक्रियता पर इसका असर पड़ सकता है।


















