सूरजपुर- शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने जिला प्रमुख विष्णु वैष्णव के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम कलेक्टर सूरजपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राज्य की कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था तथा आदिवासी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में अपराध, नशे के कारोबार और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। साथ ही सरकारी भर्तियों में देरी और अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए स्थानीय युवाओं को निजी उद्योगों में 80 प्रतिशत रोजगार प्राथमिकता देने की मांग की गई। किसानों को समय पर खाद, बीज और बिजली उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, सरकारी स्कूलों को सशक्त बनाने तथा आदिवासी क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
शिवसेना (UBT) ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी है कि यदि इन जनहित के मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन जनता के अधिकारों के लिए व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख मोहन सिंह टेकाम, महिला जिलाध्यक्ष पिंकी पटेल महिला नगर अध्यक्ष कृष्ण सिंह महिला उपाध्यक्ष रजनी सिंह बबलू यादव ,साहिल, सुखेंद्र सिंह अर्जुन, सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















